करंट न्यूज ब्यूरो
मनाली
मनाली उपमंडल के तहत वशिष्ठ के जोगणी वाटरफॉल में हजारों पर्यटक और स्थानीय लोग घूमने के लिए आते हैं। जोगणी वॉटरफॉल पर्यटक स्थल तो है ही पर उससे पहले यह दैविक स्थान भी माना जाता है।
मनाली विधानसभा कांग्रेस सोशल मीडिया संयोजक और समाज सेवी धर्मू वाष्टा ने कहा कि अफसोस की बात तो यह है जो पर्यटक और क्षेत्र के इर्द-गिर्द के लोग जोगणी वाटरफॉल घूमने आते हैं वह अक्सर अपने साथ लाए हुए खाद्य सामग्री के कचरे को यहीं फेंक देते हैं।
कचरे में बीयर व शराब की बोतलों के अलावा और भी कई प्रकार का कचरा यहां पड़ा होता है, कई बार तो आपत्तिजनक वस्तुएं भी यहीं फैंक जाते हैं।
धर्मू वाष्टा ने बताया कि इस पवित्र क्षेत्र में अक्सर महिलाएं पुरुष और कई बार तो छोटे बच्चे शराब का सेवन करते हुए देखे जा सकते हैं। जबकि कुछ असामाजिक तत्व तो आपत्तिजनक स्थिति में भी देखे जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हमें इतनी खूबसूरत जगह से नवाजा हुआ है। परंतु कुछ लोग इस खूबसूरत जगह को बदसूरत बना रहे हैं। धर्मू ने दुख जताते हुये कहा कि हैरत तो तब होती है जब स्थानीय लोग, जो इस स्थान का महत्व समझते हैं, यहां आकर गंदगी फैला कर जाते हैं और इस स्थान को दूषित करते हैं।
उन्होंने सरकार और प्रशासन से यह आग्रह किया है कि इस पवित्र स्थल की पवित्रता को बनाए रखने के लिए कोई ठोस व्यवस्था की जाये। कहा कि संभव हो तो इस क्षेत्र में पुलिस या होमगार्ड की तैनाती की जाए। क्योंकि कई बार विभिन्न दुर्घटनाओं में पर्यटकों और कुछ अन्य लोगों की यहां पर पहाडी से गिरने से या फिर अन्य संदिग्ध वजहों से मृत्यु हे चुकी है।
कहा कि लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से और इस स्थान को साफ सुथरा व पवित्र रखने के लिए प्रशासन जल्दी से जल्दी कोई कदम उठाएं। उन्होंने क्षेत्र वासियों से भी अपील की है कि जो लोग पर्यटकों को इस स्थान में घूमने के लिए भेजते हैं या लाते हैं। उन्हें अपनी सुरक्षा और इस जगह की पवित्रता और सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक जरूर करें।