Spread the love

मंडी : रविवार को चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर 4 मील के पास पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से दो कारें इसकी चपेट में आ गई। गनीमत यह रही कि कार सवार लोग समय रहते जान बचाकर भागने में कामयाब हो गए, नहीं तो जानी नुकसान हो सकता है।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर बाद लगभग 3 बजे 4 मील के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर और मलबा हाईवे पर आ गिरा। जिस वक्त मलबा गिरा उस वक्त यहां से दो कारें गुजर रही थी। दोनों कारों में दिल्ली के 8 लोग सवार थे, जो मनाली से वापिस दिल्ली जा रहे थे।

अचानक जब पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे तो इन सभी ने तुरंत गाड़ी को वहीं पर छोड़कर भागने में समझदारी दिखाई। देखते ही देखते पहाड़ी से पत्थरों और मलबे की बरसात हो गई और दोनों गाड़ियां इसकी चपेट में आ गई। एक कार को ज्यादा, जबकि दूसरी को कम नुकसान पहुंचा है।

मौके पर तैनात कंपनी की मशीनरी से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। इस घटना के बाद हाईवे यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया था। करीब दो घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाया गया और शाम 5 बजे इसे यातायात के लिए बहाल किया जा सका।

फोटो साभार : एमबीएम

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!