शिमला : हिमाचल प्रदेश में एसएमसी शिक्षक अब अपनी मांगों को लेकर सरकार से आर-पार की लड़ाई के लिए एक बार फिर सड़कों पर उतर आए हैं। शुक्रवार से शिक्षक चौड़ा मैदान में धरने पर बैठ गए हैं।
इससे पहले भी शिक्षक शिमला के चौड़ा मैदान में हड़ताल पर बैठे थे। तब शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक शिक्षकों की मांग लंबित है। ऐसे में अब यह अध्यापक आर-पार की लड़ाई के लिए सड़कों पर उतरे हैं।
शिक्षक सरकार से लगातार नियमितीकरण की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन सरकार लगातार इनकी मांग को अनदेखा करती आ रही है। जिससे इनमें सरकार के रवैये को लेकर भारी आक्रोश है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश एसएमसी शिक्षक संघ के राज्य प्रवक्ता निर्मल ठाकुर ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से बीते प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन सरकार द्वारा इनके लिए स्थायी पॉलिसी नहीं लाई जा रही है। शिक्षकों को छुट्टियों का वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। इन्हें न्यूनतम वेतन मिल रहा है।
निर्मल ठाकुर ने साफ तौर पर कहा कि इस बार वे किसी तरह का आश्वासन नहीं, बल्कि नियमितीकरण के ऑर्डर लेकर ही वापस जाएंगे। कहा कि अब यह आर-पार की लड़ाई का वक्त आ गया है। सरकार को उनकी मांग को हर हालत में पूरा करना होगा।