ऊना : बीती देर रात जिला के गगरेट में मंदवाड़ा बूथ में मशीन बदलने की कोताही के बाद देर शाम एक और मामला सामने आया है। जिसके तहत पोलिंग के बाद वोटिंग मशीन जमा करवाने के दौरान एक सहायक पीठासीन अधिकारी ने एसडीएम ऊना के साथ बदतमीजी कर दी। मामला उपायुक्त के समक्ष आने के बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जिला में गगरेट के गोंदपुर बनेहड़ा में शारीरिक शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनात अधिकारी की चुनावी ड्यूटी ऊना विधानसभा क्षेत्र में लगी हुई थी।
रात करीब 11 बजे सभी पोलिंग पार्टी एसडीएम कार्यालय में वोटिंग मशीन जमा करवा रहे थे। उसी दौरान ये सहायक पीठासीन अधिकारी अचानक भड़क गया और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करने लगा।
चुनाव आयोग द्वारा तय निर्देश के अनुसार पोलिंग के बाद सभी वोटिंग मशीनें एक पैटर्न के तहत जमा करवाई जाती है। इसी के साथ क्रमांक संख्या अनुसार वोटिंग मशीन व अन्य दस्तावेज भी जमा कराने होते है।
लेकिन ये अधिकारी क्रमांक संख्या का पालन न करके मनमर्जी से वोटिंग मशीन व अन्य दस्तावेज जमा करवाना चाहता था। जिसे वहां तैनात अधिकारी ने लेने से मना कर दिया। अधिकारी बात अनसुनी कर एसडीएम ऊना से ही बदतमीजी करने लगा।

इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी ऊना जतिन लाल ने बताया कि उक्त कर्मचारी एसडीएम ऊना से बदतमीजी कर रहा था, उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।