Spread the love

करंट न्यूज ब्यूरो
आनी (कुल्लू)

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने में कुल्लू जिला का आनी विकास खंड सराहनीय कार्य कर रहा है। विकास खंड कार्यालय आनी द्वारा इस योजना के तहत बीते एक साल में तय लक्ष्य से अधिक स्वयं सहायता समूह के गठन को मंजूरी दी गई है।

इन समूहों न सिर्फ मंजूरी दी गई है, बल्कि इनको अभी तक स्टार्ट अप फंड और रिवालविंग फंड के तहत करीब 22 लाख 55 हजार की राशि भी वितरित की जा चुकी है। इस फंड के द्वारा महिलाएं विभिन्न प्रकार के स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आजीविका को सुनिश्चित कर रही हैं।

खंड विकास अधिकारी जीसी पाठक के मुताबिक इस साल 31 मार्च तक विकास खंड के तहत 75 स्वंय सहायता समूह बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। लेकिन लक्ष्य के मुकाबले 120 समूहों का गठन कर लिया गया है बल्कि इनको स्टार्ट अप फंड भी बांट दिया गया है।

विकास खंड के तहत कुल 221 स्वंय सहायता समूह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पंजीकृत हो चुके हैं। ये स्वंय सहायता समूह कृषि संबंधी गतिविधियों, हस्त शिल्प कला और अन्य प्रकार के लघु व्यवसाय के तहत अपनी आजीविका प्राप्त कर रहे हैं।

खंड विकास कार्यालय की ओर से इस योजना में स्टार्ट अप फंड के तहत 2500 रुपए प्रति समूह और छह माह बाद रिवाल्विंग फंड के तहत 15000 रुपए राशि वितरित की जाती है। महिलाओं द्वारा बनाए गए समूहों में समूहों के भीतर आतंरिक ऋण की भी व्यवस्था रहती है।

खंड विकास अधिकारी जीसी पाठक का कहना है कि इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए खंड विकास कार्यालय प्रशासन कृत संकल्प है। इस वित्त वर्ष में योजना के तहत अधिकतर लक्ष्य पूरे किए गए हैं और स्वंय सहायता समूहों का गठन लक्ष्य से अधिक किया गया है। आगामी समय में योजना के तहत महिलाओं के उत्थान के लिए दृढ़ता से कार्य किया जाएगा।

32 लाख रुपए का ऋण बांटा, 43.5 लाख का लक्ष्य

विकास खंड आनी द्वारा बैंकों के माध्यम से इसी योजना के तहत इस साल अभी तक महिलाओं के स्वंय सहायता समूहों को व्यवसाय करने के लिए 32 लाख रुपए तक का ऋण भी वितरित करवा चुका है। खंड द्वारा 43.5 लाख रुपए का ऋण योजना के तहत वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके चलते महिलाओं द्वारा खुद का व्यवसाय कर जहां महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण का रास्ता जहां खुला है वहीं महिलाओं का भी आत्मनिर्भर होने के प्रति रुझान बढ़ा है।

5 लाख तक ऋण की है सुविधा

पाठक ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वंय सहायता समूहों को व्यवसाय करने के लिए 5 लाख रुपए तक के ऋण का प्रावधान है। शुरुआत में खंड विकास कार्यालय के तहत 1 लाख रुपए का ऋण पात्र स्वंय सहायता समूह को वितरित किया जाता है।

यदि ऋण वापसी में स्वंय सहायता समूह नियमों का पालन करता है तो इसके पश्चात 3 लाख रुपए का ऋण समूहों को वितरित किया जा सकता है। इसी तरह 5 लाख रुपए तक का ऋण योजना के तहत स्वंय सहायता समूह प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!