Spread the love

बालीचौकी (मंडी), करंट न्यूज़ : विकासखंड बालीचौकी में कार्यरत बीडीओ भवनेश चड्ढा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ मनमानी और कर्तव्यहीनता के आरोपों को लेकर बालीचौकी जोन कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है और उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है।

*मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल*

इस संबंध में पिछले दिन मंडी जिला कांग्रेस महासचिव संतराम और सराज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी के नेतृत्व में बालीचौकी जोन कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ के खिलाफ लगे आरोपों की जांच करवाने की मांग की।

जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस महासचिव संतराम ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में डीसी मंडी को निर्देश दिए हैं कि बीडीओ के खिलाफ लगे आरोपों की तत्काल जांच की जाए।

इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर जांच आदि में कोई व्यवधान आता है तो उन्हें सस्पेंड किया जाए। हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पुष्टि नहीं हो पाई है। क्योंकि डीसी मंडी से संपर्क नहीं हो पाया है।

*बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुआ प्रस्ताव*

इससे पहले भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी बालीचौकी जोन की बैठक जोन अध्यक्ष लाल सिंह प्रार्थी की अध्यक्षता में आयोजित हुई थी। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में विकासखंड बालीचौकी में कार्यरत बीडीओ भवनेश चड्ढा द्वारा की जा रही मनमानी और कर्तव्यहीनता को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री से मांग की गई कि इस अधिकारी पर लगे आरोपों की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और उसकी मनमानी पर पूर्ण रोक लगाई जाए। प्रस्ताव की प्रतिलिपि पंचायती राज मंत्री को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!