Spread the love

शिमला, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से सेवाएं दे रहे TET प्रभावित शिक्षकों ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। TET प्रभावित शिक्षक मोर्चा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि आंध्र प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल में भी प्रभावित शिक्षकों के लिए स्पेशल TET परीक्षा आयोजित की जाए।

मोर्चा के अध्यक्ष नरेश ठाकुर और महासचिव हितेंद्र साहसी ने शिमला में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बड़ी संख्या में शिक्षक अपनी नियुक्ति के समय लागू नियमों और निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के आधार पर सरकारी सेवा में लगे थे।

इन शिक्षकों ने अपना पूरा जीवन सरकारी स्कूलों को मजबूत करने में लगा दिया, लेकिन अब TET की अनिवार्यता के कारण उनकी नौकरी पर संकट मंडरा रहा है।

आंध्र प्रदेश में हो सकता है तो हिमाचल में क्यों नहीं?

मोर्चा ने कहा कि जब आंध्र प्रदेश सरकार प्रभावित शिक्षकों के लिए अलग से स्पेशल TET आयोजित कर सकती है, तो हिमाचल सरकार क्यों नहीं? स्पेशल TET से वर्षों से पढ़ा रहे शिक्षकों को अपनी पात्रता साबित करने का एक और मौका मिल जाएगा और उनकी सेवा संबंधी चिंताएं दूर होंगी।

नरेश ठाकुर ने कहा कि सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित शिक्षकों की वास्तविक स्थिति का अध्ययन कर शीघ्र स्पेशल TET की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। शिक्षकों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष प्रदेश के बच्चों को शिक्षित करने में लगाए हैं।

वहीं महासचिव हितेंद्र साहसी ने कहा कि सरकार को प्रभावित शिक्षकों को एक विशेष अवसर जरूर देना चाहिए। मोर्चा ने सरकार से इस मांग पर तुरंत सकारात्मक फैसला लेने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!