काजा, (लाहुल-स्पीति), करंट न्यूज़ : हिमालय की गोद में बसे स्पीति घाटी के सुप्रसिद्ध और पारंपरिक तीन दिवसीय *राज्य स्तरीय लादरचा मेले* का आगाज सोमवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। लाहौल-स्पीति की विधायक *अनुराधा राणा* ने मेले का शुभारंभ किया।
*काजा गोंपा से मेला ग्राउंड तक निकली शोभायात्रा*
शोभायात्रा काजा गोंपा से लादरचा मेला ग्राउंड तक निकाली गई। इसमें स्पीति के विभिन्न गोंपाओं के लामा-चोमो, स्थानीय लोग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सांस्कृतिक दल और कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। पूरे काजा बाजार में उत्सव जैसा माहौल रहा।

*भगवान बुद्ध के चरणों में दीप प्रज्जवलित कर किया आगाज*
विधायक अनुराधा राणा ने भगवान बुद्ध के चरणों में दीप प्रज्जवलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर पूर्व विधायक रघुवीर सिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एडीसी काजा शिखा सिमटिया ने मुख्य अतिथि को टोपी, थंका और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
*मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के प्रतीक : अनुराधा राणा*
अपने संबोधन में विधायक अनुराधा राणा ने सभी को मेले की बधाई दी। उन्होंने कहा -*”मेले और उत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं लादरचा मेला प्रदेश के प्राचीन मेलों में से एक है।”* उन्होंने कहा कि हिमाचल के मेले और त्यौहार प्रदेश की विशेष पहचान हैं। इनसे आपसी सौहार्द और भाईचारा मजबूत होता है और भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति जानने का मौका मिलता है।

*महिला मंडलों और विभागों की प्रदर्शनियां बनी आकर्षण*
विधायक ने महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला समिति की तैयारियों की सराहना भी की।
*रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां*
तीन दिवसीय मेले के पहले दिन बुचेन नृत्य, महिला मंडल काजा का टशी नृत्य, जेएनवी लरी, रावमापा लोसर और सगनम, मूनसलिंग स्कूल रंगरिक, विजय मोडका और महिला मंडल बर की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

*गणमान्य रहे मौजूद*
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे लारजे, महिला कांग्रेस अध्यक्षा कमला ठाकुर, बीडीसी अध्यक्षा छेरिंग डोलमा, एसडीएम दीक्षित राणा, डीएफओ गोल्डी छाबड़ा, बीडीओ अंशुल, तहसीलदार धर्म पाल नेगी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग और देशी-विदेशी पर्यटक मौजूद रहे।