शिमला, करंट न्यूज : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकार 2 अक्टूबर गांधी जयंती से *‘अपना परिवार, सुखी परिवार’* योजना लांच करेगी।
*दिल्ली से लौटते ही सदन में किया ऐलान*
मुख्यमंत्री सोमवार शाम दिल्ली दौरे से लौटे और सीधे विधानसभा पहुंचे। नियम 130 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर हो रही चर्चा के बीच उन्होंने यह घोषणा की।
*2 लाख पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ*
इस योजना के तहत 2 लाख पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500-1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 300 यूनिट फ्री और प्यारी बहना योजना को एक साथ इसी योजना में शामिल किया गया है। ग्रामीण विकास विभाग ने पात्र परिवारों का चयन कर लिया है।
*स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टरों की भर्ती*
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग में 300 डॉक्टरों के पद भरे जाएंगे।
*मेडिकल कॉलेजों में नर्सों के पद भी भरेंगे*
दिसंबर से मार्च के बीच प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में नर्सों के सभी रिक्त पद चरणबद्ध तरीके से भरे जाएंगे। अस्पतालों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर की जा रही है।
*IGMC, चमियाना और टांडा बनेंगे बेस्ट कॉलेज*
मेडिकल कॉलेजों में नई मशीनरी और उपकरण लगाए जा रहे हैं। IGMC, चमियाना और टांडा मेडिकल कॉलेज आने वाले समय में देश के बेस्ट कॉलेजों में गिने जाएंगे।
*सदन के पटल पर रखे 8 विधेयक*
विधानसभा सचिव ने 8 विधेयकों की प्रतियां पटल पर रखीं जिन्हें राष्ट्रपति और राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है। इनमें विनियोग विधेयक 2026, भू-जोत अधिकतम सीमा संशोधन, VAT संशोधन, पंचायती राज संशोधन, शिमला सड़क सुरक्षा संशोधन, लिफ्ट संशोधन और किसान आयोग विधेयक शामिल हैं।
*पुलिस में सीनियर अफसरों के खिलाफ 32 शिकायतें*
भरमौर विधायक डॉ. जनक राज के सवाल के जवाब में CM ने बताया कि पिछले 3 साल में (1 अगस्त 2026 तक) पुलिस में जूनियर्स ने सीनियर्स के खिलाफ 32 शिकायतें दर्ज कराईं।
*सबसे ज्यादा शिकायतें शिमला से*
इनमें शिमला से 21, मंडी से 4, चंबा, सिरमौर और कांगड़ा से 2-2 और बद्दी से 1 शिकायत है। आरोप उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, शक्तियों के दुरुपयोग और लैंगिक उत्पीड़न के हैं। 11 मामलों का निवारण हो चुका है और 21 जांच में लंबित हैं।