Spread the love

केलंग | करंट न्यूज़: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति की मयाड़ घाटी के करपट स्थित धोन्धल नाले में बीती रात बादल फटने से एक बार फिर अस्थाई पुल पानी में बह गया। घटना के तुरंत बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क को बहाल कर यातायात शुरू करवा दिया है। 

*मशीनें मौके पर, झूला भी लगाया*
 
*विधायक अनुराधा राणा* ने जानकारी देते हुए बताया कि _“समस्या आते ही मशीनें लगातार मौके पर तैनात हैं। आवाजाही के लिए साथ में एक झूला पुल भी स्थापित कर दिया गया है ताकि लोगों को दिक्कत न हो।”_ 

उन्होंने कहा कि *धोन्धल नाले में आज तक 8 से 10 बार छोटे-बड़े पुल बह चुके हैं।* लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि विभाग ने काम नहीं किया। _“हम और विभाग दिन-रात लगे हैं। लेकिन बादल फटने और बाढ़ के कारण हमारी मेहनत आए दिन पानी में बह जाती है।”_ 

*इसी साल शुरू होगा स्थायी समाधान* 

बार-बार पुल बहने की समस्या के स्थायी हल के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। 

विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि *धोन्धल नाले पर फ्लाईओवर टाइप का बड़ा पुल बनाने की योजना को सरकार से स्वीकृत करवा लिया गया है।* इसकी कागजी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। 

_“इसी वर्ष इस पुल का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हमें उम्मीद है कि इसके बनने के बाद भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा और लोगों को हर साल की परेशानी से राहत मिलेगी।”_ 

*प्रशासन अलर्ट पर* 

बादल फटने के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग की टीमें लगातार नाले की निगरानी कर रही हैं। 

मयाड़ घाटी के लोगों ने विधायक के इस आश्वासन का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि नया पुल बनने से वर्षों पुरानी समस्या का अंत होगा। 

Leave a Reply

error: Content is protected !!