Spread the love

शिमला | करंट न्यूज़: जिला के पांच प्रमुख मंदिर ट्रस्टों की वेबसाइट निर्माण को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में *जाखू मंदिर, तारादेवी मंदिर, संकटमोचन मंदिर, हाटकोटी मंदिर और भीमा काली मंदिर सराहन* की वेबसाइटों की प्रगति और उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर चर्चा हुई। 

उपायुक्त ने अधिकारियों को एक हफ्ते के भीतर वेबसाइट कार्य पूर्ण करने और इसी माह लॉन्च करने के निर्देश दिए। 

*श्रद्धालुओं को मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं

उपायुक्त ने कहा कि मंदिर ट्रस्टों की वेबसाइटें श्रद्धालुओं को पारदर्शी, सरल और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। 

इन वेबसाइटों के माध्यम से श्रद्धालु मंदिरों का इतिहास, धार्मिक महत्व, पूजा-अर्चना का समय, प्रमुख उत्सवों की जानकारी, ऑनलाइन दान, आरती और विशेष पूजन की बुकिंग सहित अन्य आवश्यक जानकारियां एक ही मंच पर प्राप्त कर सकेंगे। 

*डिजाइन यूजर फ्रेंडली और सुरक्षित होगी वेबसाइट

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि वेबसाइटों का डिज़ाइन उपयोगकर्ता-अनुकूल हो और सभी जानकारी हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही साइबर सुरक्षा, नियमित अपडेट और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। 

उन्होंने कहा कि वेबसाइटों पर आय-व्यय की जानकारी, संपर्क विवरण, शिकायत एवं सुझाव पोर्टल और धार्मिक आयोजनों की अद्यतन जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। 

*ट्रस्टों में भरे जाएंगे रिक्त पद*

उपायुक्त ने कहा कि जिला की पांचों मंदिर ट्रस्टों में रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञापन एक ही दिन जारी किया जाएगा। इसके लिए मंदिर अधिकारियों को इसी सप्ताह औपचारिकताएं पूर्ण करने को कहा गया है। 

उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग से श्रद्धालुओं को घर बैठे बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर ट्रस्टों के कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। 

बैठक में संबंधित मंदिर ट्रस्टों के अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी और तकनीकी एजेंसी के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!