पालमपुर (कांगड़ा), करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के तहत पालमपुर उप मंडल मुख्यालय के साथ लगती बंदला पंचायत में बीती देर रात एक बोलेरो जीप के खड्ड में गिर जाने से दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात लगभग 11 बजे तीन युवक बोलेरो जीप में सवार होकर सौरव वन विहार होते हुए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय भारी बारिश हो रही थी।

माना जा रहा है कि ऐसे में वाहन चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी न्यूगल खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वरुण कुमार उर्फ बन्नू गंभीर तौर पर घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 27 वर्षीय निशांत व 23 वर्षीय अभय निवासी गांव बंदला तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा के तौर पर हुई है।
घायल वरुण को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

वहीं, बंदला गांव के दो युवकों की अचानक मौत से गांव में पूरी तरह मातम पसर गया है। उधर पुलिस ने मामला दर्ज करके हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।