आनी (कुल्लू) : हिमाचल में जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के तहत कटाहर गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सनकी युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से क्षुब्ध होकर लड़की को परिवार सहित जिंदा जलाने की नीयत से उनके घर में आग लगा दी। वहीं पड़ोसियों की सजगता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

पुलिस को दी शिकायत में कटाहर गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी पंकज शर्मा काफी समय से उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। लेकिन जब परिवार ने इस रिश्ते से इंकार कर दिया तो आरोपी ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी।

राजेश कुमार के अनुसार घटना से महज 2 दिन पहले पंकज ने फोन पर धमकी दी थी कि यदि उनकी बेटी की शादी उसके साथ नहीं की गई, तो वह पूरे परिवार को जिंदा जला देगा।
घटना की रात करीब 10 बजे राजेश की पत्नी और बेटी खाना खाकर सो रहे थे। तभी करीब 10:30 बजे आरोपी पंकज ने कथित तौर पर उनके घर को आग लगा दी। केM

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला गुड्डी देवी की नजर आग पर पड़ी। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और अंदर सो रही मां-बेटी को जगाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
शोर सुनकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। इस आगजनी में घर का एक कमरा और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया है।

वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब गांव के लोग आग बुझाने में जुटे थे, उसी समय आरोपी पंकज शर्मा अपनी गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने राजेश कुमार की शिकायत पर आरोपी पंकज शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटा लिए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
