निरमंड (कुल्लू), करंट न्यूज़ : राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अरसु के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का क्षण है कि विद्यालय की द्विशताब्दी व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर 29 दिसंबर को भव्य एलुमनाई मीट का आयोजन किया जा रहा है।

जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य योगराज ठाकुर ने बताया कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम विद्यालय की 200 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा को समर्पित होगा।
बताया कि इस ऐतिहासिक समारोह की शोभा बढ़ाने के लिए प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति हेतु सहमति प्रदान की है, जिससे कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ गया है।
योगराज ठाकुर ने देश-विदेश में कार्यरत सभी पूर्व छात्रों (एलुमनाई) से इस विशेष अवसर पर उपस्थित होकर अपने विद्यालय की स्मृतियों को ताज़ा करने तथा इस गौरवशाली क्षण का साक्षी बनने का हार्दिक आमंत्रण दिया गया है।उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों की सहभागिता से यह आयोजन और भी स्मरणीय बनेगा।

विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की है कि एलुमनाई की सक्रिय भागीदारी से वर्तमान विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी तथा विद्यालय की समृद्ध परंपराओं को नई दिशा प्राप्त होगी।