Spread the love

शिमला


हिमाचल प्रदेश के छः बार मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह की पत्नी व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी हो सकती हैं। उनका चुनाव लड़ना लगभग तय हो गया है। अब हाईकमान इस पर अंतिम फैसला लेगा।

इस सीट से वह पहले भी दो बार चुनाव जीत चुकी हैं। प्रत्याशी के तौर पर उनके नाम की चर्चा पिछले काफी दिनों से थी। कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने बीते दिन होलीलॉज जाकर प्रतिभा सिंह से मुलाकात की।

इस दौरान विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। इस मुलाकात का पूरा फीडबैक राजीव शुक्ला पार्टी हाईकमान के समक्ष रखेंगे। टिकट पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा।

सूत्रों की माने तो पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के धड़े के लोगों ने अंदर खाते चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। पार्टी मंडी से प्रतिभा सिंह को सबसे मजबूत दावेदार मान रही है।

बैठक में चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद अर्की विधानसभा सीट भी खाली हुई है। प्रतिभा सिंह से इस सीट पर भी राय पूछी गई है।

दिल्ली में लिया था फीडबैक

संगठन सूत्रों की माने तो कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने दिल्ली में मंडी के कई नेताओं से बात की थी। इसमें युवा नेताओं से लेकर वरिष्ठ नेता से चुनाव का फीडबैक लिया गया था। सभी की राय जानने के बाद ही राजीव शुक्ला होलीलॉज पहुंचे थे।

सोमवार को राजीव शुक्ला व सह प्रभारी संजय दत्त ने पार्टी कार्यालय राजीव भवन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया। उपचुनाव से पहले हुई यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कांग्रेस पार्टी ने उप चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव की घोषणा होने के बाद ही प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए जाएंगे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!