परवाणु (सोलन) : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में परवाणु के पास शनिवार सुबह एचआरटीसी की बस के आगे बिजली की तार टूट कर गिरने से एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। हादसे में एक बस यात्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस हरिद्वार से शिमला जा रही थी। बस जब परवाणु परमाणु पहुंची। तो उस समय इलाके में भारी बारिश व ओलावृष्टि हो रही थी। इसी दौरान अचानक बस के आगे सड़क पर बिजली की तार गिर गई और और उसमें से चिंगारियां निकलने लगीं।

हालांकि बस चालक ने मुस्तेदी दिखाते हुए तुरंत बस को रोक दिया और सभी यात्रियों को अंदर ही रहने की सलाह दी। लेकिन तार के गिरते ही बस के अगले दोनों टायर फट गए। वहीं, परिचालक ने भी यात्रियों से आग्रह किया कि वह बस से बाहर न निकलें।
लेकिन इस बीच एक यात्री बस चालक व परिचालक की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए बस से नीचे उतर गया। जैसे ही उसने सड़क पर कदम रखा, वैसे ही गिरी हुई बिजली की तारों की चपेट में आने से उसे करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस चालक और परिचालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग की टीम ने बिजली आपूर्ति को बंद कर तारों को हटाने का कार्य किया।

वहीं, एसएचओ परवाणू प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।