कुल्लू, करंट न्यूज : शनिवार को विजिलेंस की कुल्लू टीम ने जिला मुख्यालय पर ढालपुर में सरकारी सीमेंट के 500 बैग बरामद किए। जिसके आरोप में पंचायत प्रधान व उप प्रधान को गिरफ्तार किया गया।

उल्लेखनीय है कि राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो हिमाचल प्रदेश द्वारा चलाए गए सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान ढालपुर में एक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

विजिलेंस कुल्लू की टीम द्वारा आयोजित नुक्कड़ नाटक में सरकारी संपत्ति के अवैध इस्तेमाल के साथ-साथ अन्य भ्रष्टाचार संबंधी मामलों के संदर्भ में जागरूक करने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नाटक के माध्यम से बताया गया कि विजिलेंस द्वारा सरकारी सीमेंट की अवैध खेप पंचायत प्रधान व उप प्रधान से बरामद की गई। जबकि सीमेंट सरकारी विकास कार्यों के लिए दिया गया था।
उसके साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी काम के बदले में रिश्वत लेने, पद का दुरुपयोग करने, सरकारी पैसे का गबन व दुरुपयोग करने तथा सरकारी निर्माण कार्य में प्रयोग होने वाले सामान के दुरुपयोग के संदर्भ में जागरूकता संदेश दिया गया।

इस मौके पर विजिलेंस डीएसपी कुल्लू अजय कुमार के साथ-साथ अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सैकड़ो लोगों को भ्रष्टाचार के संदर्भ में जागरूकता संदेश दिया गया।
डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्रदेश भर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह का अभियान चलाया गया है।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वह किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार के संदर्भ में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 0177-2629893, 1066 व व्हाटसएप् नंबर 89887-00100 पर संपर्क करें।