करंट न्यूज ब्यूरो
सैंज (कुल्लू)
सोमवार देर शाम को जिला की सैंज घाटी की अति दुर्गम पंचायत गाड़ा पारली के बनाऊँगी गाँव में बादल फटने से आधा दर्जन से अधिक घरों को नुकसान हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम के समय भारी बारिश के चलते गाँव के पीछे नाले में बादल फटने से आई बाढ़ से गाँव में भारी नुकसान हुआ है। मलबे के कारण सेब के बगीचों व खेतों में गेहूं फसल भी नष्ट हो गई है। पंचायत प्रधान यमुना देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि बादल फटने से काफी अधिक नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना राजस्व अधिकारियों को दी गई है। पंचायत प्रधान ने बताया कि दूनी चंद, धर्म सिंह, चमन लाल, ज्ञान चंद, नोख सिंह,कुंज लाल ,शारदा देवी व किशोरी लाल के घरों में मलबे वाला पानी घुस जाने से उनके घरों को नुकसान पहुंचा है।
जबकि सैंज के नायव तहसीलदार बालक राम ने बताया कि देर शाम इसकी सूचना मिली है। किसी भी तरह के जान माल के नुकसान की सूचना नही है।
कहा कि मंगलवार को मौके पर राजस्व अधिकारी को भेजा जाएगा तथा नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जायेगी। जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा जायेगा। नियमानुसार प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा।