मंडी
सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा के गढ़ कोटली में लोगों को करोड़ों की सौगात दी। जयराम ठाकुर ने जनसभा में कहा कोटली में बतौर मुख्यमंत्री यह पहला सरकारी दौरा है। कई माह से कोटली आने का कार्यक्रम बन रहा था। कोविड के कारण संभव नहीं हो पा रहा था।
कुछ राजनीतिक बातों को जिक्र न हो तो बेहतर है। मंडी के बेटे को पहली बार मान सम्मान मिला है। काम कई बार होते हैं कई बार नहीं। सभी को साथ मिलकर चलना चाहिए। कुछ लोगों को मेरा काम करने का तरीका अच्छा नहीं लगता यह उनकी सोच है। सभी की इच्छा पूरी हो संभव नहीं है।
यहां तक का सफर उतार चढ़ाव भरा रहा है
विरोधियों को जवाब देने की आवश्यकता नहीं, कुछ ऐसी बातें कर रहें हैं, मानों उनके दादा परदादा कोरोना महामारी के एक्सपर्ट रहे हों, सलाह पर सलाह देते फिर रहे हैं। सरकार ने हरसंभव प्रयास किया है।
कोविड संकट से निपटने के लिए 5000 बेड तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द हिमाचल के लोगों को संबोधित करेंगे। टीकाकरण की सफलता के लिए बधाई देंगे।
कहा कि 15 अगस्त को कोटली का कार्यक्रम तय था, मगर स्थान कम होने के कारण कार्यक्रम नहीं हो सका।। लेकिन विधायक उस पर भी टिप्पणी करने से नहीं चूके। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ से डिग्री कॉलेज का काम चल रहा है व पार्किंग बन रही है। क्लस्टर यूनिवर्सिटी का काम अंतिम चरण में है।
अनिल शर्मा पर पलटवार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधायक अनिल शर्मा पर पलटवार करते हुये कहा कि हमसे दूर हुए तो विकास कार्य भी दूर हो गए, नजदीक रहो बुलाते रहो काम होते रहेंगे। सोच प्राइमरी स्कूल से ऊपर करो।
कहा अनिल जी आप मुझे व सरकार को दोष नहीं दे सकते, अंत तक साथ चलने की गुहार लगाता रहा। मगर आपने एक नहीं सुनी। भले ही मंडी के मान सम्मान के लिए ही साथ चलते।
कहा कि अनिल शर्मा के नामांकन में उपस्थित रहने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मेरी ड्यूटी लगाई। राजनीति में कई दौर आते रहते हैं। पुरानी बातें दरकिनार कर अब साथ चलो।
मुख्यमंत्री ने कहा महेंद्र सिंह व अनिल गुरु चेला हैं। मेरे परिवार से न पहले कोई राजनीति में था न आगे मेरे सिवाय कोई होगा। अपनी मांग उठाना हर विधायक का दायित्व है।
लाहुल स्पीति दौरे के बाद जयराम ठाकुर रविवार शाम मंडी पहुंचे थे। वह सोमवार सुबह कोटली पहुंचे। मुख्यमंत्री की ओर से किए जाने शिलान्यास व लोकार्पण पट्टिकाओं से विधायक अनिल शर्मा का नाम गायब था। विधायक अनिल शर्मा कार्यक्रम में पहुंचे।
सदर विधायक अनिल शर्मा ने पूर्व में रद हुए कोटली के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री पर कटाक्ष किया था। इसके बाद अब मुख्यमंत्री का कोटली क्षेत्र का यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा था। मंच से आरोप प्रत्यारोप का दौर चला।
बीडीसी उपाध्यक्ष सदर मंडी भुवनेश ठाकुर ने कहा प्राइमरी स्कूल देने के लिए विधायक अनिल शर्मा को चुना था, मुख्यमंत्री को नहीं। इस पर अनिल शर्मा के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। मंच छोड़कर अनिल शर्मा अपने समर्थकों को समझाने पहुंच गए।