Spread the love

मुकेश अग्निहोत्री ने पालमपुर से बुटेल के लिए की पैरवी ? मंत्रियों के रिपोर्ट कार्ड से मचा हड़कंप

धर्मचंद यादव, संपादक, करंट न्यूज़।

लंबे समय से मंत्री पद की ताजपोशी का इंतजार कर रहे कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर से मंत्री पद छिटकता नजर आ रहा है। दिल्ली दरबार में उनके साथ बड़ा ‘खेला’ हो गया है, जिससे हिमाचल सरकार में अंदरूनी सियासी हलचल तेज हो गई है।

*दिल्ली बैठक में खड़गे ने ठाकुर फॉर्मूले को किया खारिज?*

पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हिमाचल मंत्रिमंडल में ठाकुर चेहरे के बजाय SC या OBC चेहरे को शामिल करने पर अड़ गए हैं।

जबकि, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सार्वजनिक मंचों से तीन बार सुंदर ठाकुर को मंत्री बनाने का ऐलान कर चुके हैं, लेकिन दिल्ली में हुई हाईलेवल बैठक में खड़गे ने दो टूक कहा – हिमाचल कैबिनेट में ठाकुरों की संख्या पहले से बहुत ज्यादा है, जबकि SC और OBC का प्रतिनिधित्व बेहद कम है।

सूत्रों का कहना है कि खड़गे के इस फॉर्मूले के बाद सुंदर ठाकुर की दावेदारी कमजोर पड़ गई है।

*जाति वार मंत्रियों की मौजूदा स्थिति – क्यों फंस रहा पेंच?*

वर्तमान में हिमाचल कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री हैं। जातिगत आंकड़ा ही सुंदर ठाकुर के मंत्री पद पर ताजपोशी लिए रोड़ा बन रहा है।

*– राजपूत (ठाकुर) – 5 मंत्री :* सुखविंदर सिंह सुक्खू, हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह, विक्रमादित्य सिंह।
*– ब्राह्मण – 2 मंत्री :* मुकेश अग्निहोत्री (डिप्टी CM), राजेश धर्माणी।
*– अनुसूचित जाति (SC) – 2 मंत्री :* डॉ. धनीराम शांडिल, यादविंदर गोमा।
*– OBC – 1 मंत्री :* चंदर कुमार।
*– जनजाति (ST) – 1 मंत्री :* जगत सिंह नेगी।

खड़गे का तर्क है कि 68 विधानसभा सीटों में 17 SC आरक्षित हैं, फिर भी कैबिनेट में केवल 2 SC मंत्री हैं। इसी तरह OBC आबादी 13% से ज्यादा है, प्रतिनिधित्व 1 ही है। जबकि 5 ठाकुर पहले से कैबिनेट में हैं। इसलिए 6वें ठाकुर को शामिल करने से संतुलन बिगड़ेगा।

*अग्निहोत्री ने बुटेल के लिए खेला दांव*

दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिल्ली में पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल को मंत्री बनाने की जोरदार पैरवी की है। ज्वालामुखी से संजय रतन (SC) का नाम भी खड़गे के फॉर्मूले में फिट बैठ रहा है।

*मंत्रियों के विभागों में भी होगी सर्जरी, रिपोर्ट कार्ड सौंपा*

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड भी हाईकमान को सौंप दिया है। कयास हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही विभागों की बड़ी अदला-बदली भी हो सकती है। इसी डर से कई मंत्री दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाकर अपना रिपोर्ट कार्ड ठीक करवाने की जुगत में जुटे हैं।

अब सबकी नजरें दिल्ली पर हैं। बड़ा सवाल यह है कि खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का अंतिम फरमान क्या होगा, क्या सुंदर ठाकुर की ताजपोशी टलेगी या जाति समीकरण के नए खेल में कोई नया चेहरा बाजी मारेगा?

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!