केलंग | करंट न्यूज:
शुक्रवार सुबह हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिला के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद ही दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। *कडू नाला* के पास पहाड़ी से अचानक चट्टानें गिरने से एक वाहन मलबे की चपेट में आ गया। जिसमें 6 माह के बच्चे सहित 13 लोगों की दुःखद मौत हो गई।
लाहुल स्पीति की एसपी शिवानी महला ने बताया कि पुलिस थाना उदयपुर से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुआ वाहन *सुमो HP 01 M 2210* था। वाहन को *बीर सिंह* चला रहे थे। यह गाड़ी *कुल्लू से पांगी* की तरफ जा रही थी।
*13 लोगों के हताहत होने की सूचना*
एसपी के मुताबिक प्रारंभिक रिपोर्ट में इस हादसे में *13 लोगों के हताहत* होने की सूचना है। बताया कि हादसे के तुरंत बाद *तिंदी पुलिस और बचाव दल* मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि एसपी ने दो लोगों के घायल होने संबंधी जानकारी अभी नहीं दी है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों में 8 पुरूष, 4 महिलाएं व एक बच्चा शामिल है। मृतकों में एक शव की पहचान नहीं हो पाई है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो गई थी। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। डीएसपी रश्मि ने बताया कि वह घटनास्थल की ओर रवाना हो गई हैं। वहां पहुंच कर स्थिति का जायजा लेने के बाद ही कुछ बता पाएंगी।
*प्रशासन अलर्ट पर*
एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बचाव कार्य तेज कर दिया है। बरसात के कारण लाहुल-स्पीति के पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने और पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।
हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी की अभी प्रतीक्षा की जा रही है।