Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव कल 15 जून को होगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम निशांत ठाकुर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया दोपहर 2 बजे शुरू होगी। जिसमें बहुमत होने पर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव करवाया जाएगा।

गौरतलब है कि नगर परिषद के चुनाव परिणाम के बाद जो स्थितियां सामने आई है उसमें फिलहाल भाजपा व कांग्रेस दोनों को ही मतदाताओं ने पूरा जनादेश नहीं दिया है। दोनों ही दलों के केवल तीन-तीन समर्थित प्रत्याशी चुनाव जीत पाए हैं। जबकि पांच प्रत्याशी निर्दलीय तौर पर चुनाव जीते हैं।

ऐसे में अध्यक्ष पद पर कब्जा करने की फिराक में पार्षद दो धड़ों में बंट चुके हैं। जिनमें एक धड़े के पास पांच व दूसरे धड़े के पास 6 पार्षद हैं। हालांकि 6 पार्षदों वाले धड़े में शामिल निर्दलीय पार्षद ने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है कि वह किसे अपना समर्थन देंगे।

लेकिन पिछले दिनों जिस तरह का परिदृश्य सामने आया है, उसमें भाजपा कांग्रेस का गठजोड़ होता दिखाई दे रहा है। लेकिन हैरत इस बात की है कि भाजपा समर्थित 2 पार्षदों ने अलग राह अपना ली है। वह दोनों पार्षद भाजपा नेता राम सिंह की धर्मपत्नी वाले धड़े में शामिल हो गए हैं।

जबकि भाजपा समर्थित एक पार्षद व भाजपा से बागी एक अन्य पार्षद के कांग्रेस के साथ जाने के संकेत मिले हैं। मगर अभी तक तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है कि यह दोनों पार्षद कांग्रेस को समर्थन देंगे या नहीं। जबकि दूसरे धड़े में भाजपा के वरिष्ठ बागी नेता राम सिंह की धर्मपत्नी सहित पांच पार्षद एक जुट बताये जा रहे हैं।

ऐसे में भले ही एसडीएम द्वारा 15 जून सोमवार को दोपहर 2 बजे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए सभी पार्षदों को आमंत्रित किया गया है। लेकिन माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्षदों की उपस्थिति बहुत कम रह सकती है।

वहीं, दो धड़ों में बांटे पार्षदों की इस बैठक में हंगामा होने के भी पूरे आसार बने हुए हैं। ऐसे में देखना यह है कि जिला प्रशासन इस बैठक को लेकर बनने वाली संभावित स्थितियों से किस तरह निपटता है।

हालांकि संकेत यह मिल रहे हैं कि सोमवार की बैठक में बहुमत साबित नहीं हो पाएगा, जिससे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!