भुंतर (कुल्लू), करंट न्यूज़ : जिला के प्रवेश द्वार भुंतर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले का 15 जून को उत्साह और पारंपरिक धूमधाम के साथ आरंभ होने जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस मेले को लेकर प्रशासन और मेला समिति ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का विशेष आकर्षण रहेगा।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कुल्लू निशांत ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 से 18 जून तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय मेले की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और कला को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बताया कि मेले का शुभारंभ 15 जून को उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा करेंगे। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दूसरी संध्या में अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में अरण्यपाल (आईएफएस) कुल्लू संदीप शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे। जबकि मेले का समापन 18 जून को स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर द्वारा किया जाएगा।
मेले की स्टार नाइट्स भी इस बार आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पहली सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक गायक कुशल वर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। दूसरी संध्या में लोकप्रिय लोक कलाकार नरेश कुल्लवी दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

तीसरी संध्या में मशहूर गायक दीपक जंदेवा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। जबकि अंतिम एवं समापन संध्या में प्रसिद्ध कलाकार रमेश ठाकुर अपनी प्रस्तुतियों से मेले को यादगार बनाएंगे।
मेला समिति के अनुसार मेले में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता तथा पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं।
भुंतर क्षेत्र के लोगों में मेले को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। चार दिनों तक चलने वाला यह ऐतिहासिक मेला सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत और सामाजिक सौहार्द का संगम बनेगा।