केलंग, करंट न्यूज़ : लाहुल-स्पीति जिला में आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष, केलंग में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त किरण भड़ाना ने की। बैठक में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी पूर्वानुमानों एवं उपलब्ध रिपोर्टों की समीक्षा की गई।
जानकारी दी गई कि जिले में मानसून के 25 जून के आसपास प्रवेश करने की संभावना है। साथ ही इस वर्ष जिले में पिछले वर्षों की तुलना में सामान्य से अधिक वर्षा होने का अनुमान है।
संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कृषि एवं बागवानी विभाग को किसानों और बागवानों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा उनकी उपज को समय पर बाजार तक पहुंचाने एवं उठान (लिफ्टिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए विभाग अग्रिम कार्ययोजना तैयार करें।
उन्होंने विद्युत विभाग को मानसून अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आवश्यक उपकरणों एवं मरम्मत दलों को तैयार रखने को कहा।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को सड़क अवरोध, भूस्खलन एवं अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी, उपकरण एवं मानव संसाधन पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी मार्ग को शीघ्र बहाल किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों एवं जीवन रक्षक औषधियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को एलपीजी सिलेंडरों, खाद्य तेल तथा आवश्यक राशन सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा किसी भी क्षेत्र के सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्थाओं के लिए अग्रिम समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक एहतियाती उपाय करने, राहत एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में आने वाले पर्यटकों एवं यात्रियों से भी मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्राओं की पूर्व योजना बनाने तथा यात्रा से पूर्व मौसम एवं सड़क संबंधी ताज़ा जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मानसून के दौरान जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है तथा सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स, डीएफओ इंद्रजीत सीरा, नायब तहसीलदार शेरसिंह, ज़िला आयुष अधिकारी नताशा ठाकुर, सीएमओ मनोज गांधी, उपनिदेशक पशुपालन डॉ सुदर्शन, जिला कृषि अधिकारी चौधरी राम, डीपीओ (आईसीडीएस) संजय डोगरा, एसडीओ जनशक्ति संजय बोध, एनडीआरएफ, आईटीबीपी के सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।