कांगड़ा, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश में चिट्टे का कारोबार इस कदर फैल चुका है कि अब युवाओं के साथ-साथ नाबालिग भी इस धंधे में उतर गए हैं या उन्हें करिअर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका खुलासा कांगड़ा जिला के बनोई पुल के पास हुआ।
जहां पर गगल थाना पुलिस की टीम ने नाकाबंदी के दौरान आई एक एचआरटीसी बस की चेकिंग के दौरान एक नाबालिग लड़के से 130.48 ग्राम चिट्टे की बड़ी खेप बरामद की। जिसकी कीमत बाजार में लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला के गगल थाना पुलिस टीम ने पठानकोट-पालमपुर हाईवे पर बनोई पुल के पास नाका लगाया हुआ था। पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग भी की जा रही थी।

इसी दौरान अमृतसर से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी की बस को जांच के लिए रोका गया। तो पुलिस टीम ने पाया कि बस में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़का अकेला सफर कर रहा था।
उससे पूछताछ करने के साथ ही जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई। तलाशी में नाबालिग लड़के के बैग से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नाबालिग लड़के ने बताया कि उसे अमृतसर में उसके एक रिश्तेदार ने यह सामान सौंपा था और बस में बिठाकर कहा था कि आगे कहीं यह सामान उससे कोई ले लेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। ताकि चिट्टे की इस बड़ी खेप के साथ-साथ नाबालिग लड़के के इस धंधे में शामिल होने के रहस्य का पर्दाफाश हो सके।