Spread the love

कुल्लू, करंट न्यूज़ : बीती रात औट-लुहरी नेशनल हाईवे पर सोझा के पास ट्रैवलर के खाई में गिर जाने से 4 सैलानियों की दुखद मौत हो गई है। जबकि 19 सैलानी घायल है।

जिनमें कुछ सैलानियों की हालत काफी गंभीर है और उन्हें उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल से पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

जबकि ट्रैवलर चालक का कहना है कि ब्रेक फेल होने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। जिसकी वजह से ट्रैवलर सीधे खाई में गिर गई।

चालक के मुताबिक जब वह सोझा से जिभी की तरफ आ रहा था तो कुछ ही दूरी पर सीधी उतराई होने के कारण ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। हालांकि उसने वाहन पर नियंत्रण पाने की भरसक कोशिश की। लेकिन वह उसमें असफल रहा और ट्रैवलर खाई में गिर गई।

मृतकों की सूची

हादसे में मारे जाने वालों में दिल्ली की दीपाली, कोटा राजस्थान की सिमरन व दिल्ली के अमित कुमार तथा पटना बिहार के आयुष्मान शामिल है। हालांकि आयुष्मान के शव की पहचान रविवार दोपहर बाद हो पाई है। जबकि घायलों में 19 लोग शामिल हैं। ट्रैवलर में दो बच्चों सहित 23 सैलानी सवार थे।

जो जिभी में ठहरे हुए थे और सोझा से घूम कर वापस जिभी लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। जिसमें चार लोगों की दुखद मौत हो गई।

उधर, उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने जानकारी दी कि शनिवार सांय बंजार सोझा के पास एक टेंपो ट्रेवलर दुर्घटना ग्रस्त हो गई थी। इस वाहन में चालक सहित 23 लोग सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही बंजार से राहत एवं बचाव दल तुरन्त घटनास्थल पर पहुंचकर राहत बचाव कार्यों में जुट गए थे। सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया था जहां इनका उपचार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि अभी तक छ घायलों को बंजार एसडीएम के माध्यम से पांच हज़ार प्रत्येक के हिसाब से कुल 30 हजार रुपए की राहत राशि प्रशासन की ओर से तुरन्त फ़ौरी राहत के तौर पर प्रदान की गई है तथा अन्य सभी घायलों को भी राहत राशि प्रदान की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि इस दुखद घटना में 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। जिसमें से एक मृतका दीपाली के परिवार को 25 हज़ार की राहत राशि जारी की गई है।

उन्होंने बताया कि शवों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की मोर्चरी में रखवाया गया है। कहा कि जैसे ही इनके परिजनों द्वारा इनके शवों की पहचान की पुष्टि की जाती है, इनके परिजनों को मृतकों के शव सौंपकर इन्हें राहत राशि प्रदान कर दी जाएगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!