ऊना, करंट न्यूज़ : नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ शिकंजा करते हुए हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला की पुलिस एसटीएफ की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में दो तस्करों को 91.74 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पहले मामले में जिला के हरोली उपमंडल के तहत कांगड़ा जिला की एसटीएफ की टीम नंगल कलां की तरफ गश्त पर थी।
इस दौरान टीम को अपने सूत्रों से जानकारी मिली कि एक स्थानीय निवासी नशे का कारोबार कर रहा है। जिस पर एसटीएफ की टीम ने छापामारी करते हुए नंगल कलां के निवासी गौरव कुमार पुत्र चनन सिंह की तलाशी लेने पर उसे 10.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
जबकि दूसरे मामले में जिला की पुलिस टीम ने संतोषगढ़ रोड पर रामपुर बेला के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान संतोषगढ़ से ऊना की तरफ आ रही एक स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया।
लेकिन स्कूटी सवार पुलिस टीम को देखकर वापस भागने लगा। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूटी सवार को दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 81.38 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज करके उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। ताकि उनके दूसरे लिंक का पता चल सके।