कुल्लू, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले जिलों खास तौर पर कुल्लू, लाहुल स्पीति, किन्नौर, शिमला, चंबा व कांगड़ा आदि की ऊंची चोटियों पर लगातार बर्फबारी जारी है।
बारिश के साथ बर्फबारी होने के कारण यहां का तापमान भी काफी नीचे चला गया है। कुल्लू मनाली और लाहुल स्पीति की ऊंची चोटियों पर लगातार हो रही भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन भी पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है।
अटल टनल के दोनों छोर पर भारी बर्फबारी होने के चलते वाहनों की आवाजाही भी रुक गई है, एक तरह से लाहुल स्पीति का कुल्लू जिला से पूरी तरह संपर्क कट गया है।
वहीं, लाहुल स्पीति व कुल्लू जिला प्रशासन द्वारा सैलानियों व अन्य लोगों से आग्रह किया है कि वह आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने के भी निर्देश दिए हैं।
लगातार हो रही बारिश व बर्फबारी के कारण जहां लाहुल स्पीति में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। वहीं कुल्लू जिला में भी अनेक सड़क मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गए हैं। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।