केलंग, करंट न्यूज़ : लाहुल मााउंटेनियरिंग एव स्नोबोर्ड एसोसिएशन द्वारा आयोजित 7 दिवसीय बुनियादी स्की खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को सम्पन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों व युवाओं को शीतकालीन खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है खेलने से शरीर फिट रहता है और एक फिट शरीर ही हर कार्य को अच्छे से कर सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्य में लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए खेलें एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों में एकता की भावना जागृत होती है और सामूहिक रूप से लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य करने की सीख मिलती हैं।

उन्होंने कहा कि लाहुल स्पीति जिला के युवा शीतकालीन गेम्स में जिला का नाम रोशन करें और देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भाग लें। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 75 करोड़ रुपए की धनराशि से स्पीति में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जाएगा। जिसका कार्य इस वर्ष शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन विकास योजना के तहत जिस्पा में 72 करोड़ रुपए की लागत से आइस हॉकी रिंग्स के निर्माण के राज्य स्तर से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इस केंद्र स्तर से मंजूरी मिलने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि जिला के गवाजंग, छेलिंग, दांलग व दारचा सहित अन्य स्थानों पर आइस हॉकी रिंग बनाने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि जिला में शीतकालीन खेलों के लिए उपयुक्त स्थल व जलवायु मौजूद हैं। जिनका हमें लाभ उठाना चाहिए और इन स्थलों को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केलांग और गोंधला में इन आयोजनों के लिए अभी तक 2 लाख रुपए की मदद प्रदान की गई है। अन्य स्थानों पर आयोजित होने वाले इन प्रशिक्षणों के लिए भी मदद प्रदान की जाएगी।

एक सप्ताह तक चले कार्यक्रम में 28 स्थानीय युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों ने बुनियादी स्की प्रशिक्षण उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिन्हें विधायक अनुराधा राणा द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को स्की उपकरणों के सही उपयोग, संतुलन बनाए रखने की तकनीक, बर्फ पर सुरक्षित तरीके से फिसलने और गिरने से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम की दूसरी कडी में गोंधला में 23 से 29 फरवरी व त्रिलोकीनाथ में 5 से 11 मार्च तक बुनियादी स्की खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जायगा। जबकि जिला स्तरीय स्की खेल प्रतियोगिता का आयोजन 12-13 मार्च को त्रिलोकीनाथ में आयोजित की जाएगी।
सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों से चुने हुए 20 उत्कृष्ठ मेधावी प्रतिभागियों के लिए 20 मार्च से 2 अप्रैल तक जिस्पा में बुनियादी स्की खेल का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी द्वारा विधायक को खतक और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।आईटीबीपी से सेवानिवृत्त आईजी प्रेम सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और बच्चों का मार्ग दर्शन किया ।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त आईजी आईटीबीपी प्रेम सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष वीना देवी, पूर्व जिला अध्यक्ष ज्ञालछन ठाकुर, जिला अध्यक्ष दोरजे अंगरूप, नोरबू पांस अध्यक्ष एसोसिएशन, नौरबू वकील, टशी केसांग, दोरजे अमिताभ, दोरजे थोल्लपा, नवाग ज्ञालछन, वंज्ञाल छेलिंगपा गुरमैद, सुशील सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।