नेरचौक (मंडी), करंट न्यूज़ : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरला खाबू में सीडीपीओ रिवालसर द्वारा आयोजित किशोरी मेले का सफल आयोजन किया गया।
जिसमें उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बल्ह स्मृतिका नेगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। एसडीएम बल्ह द्वारा कार्यक्रम चाइल्ड हेल्थ फाउंडेशन व इंडिया केयर के सहयोग से आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
मेले के दौरान 41 छात्राओं को ट्रैक सूट, जूते एवं सेनेटरी पैड वितरित किए गए। जिससे उनकी दैनिक आवश्यकताओं एवं स्वास्थ्य का समर्थन हो सके।

कार्यक्रम में पोषण के महत्व को भी रेखांकित किया गया। जिसमें बाल विकास अधिकारी, रिवालसर द्वारा मिलेट्स वितरित किए गए तथा संतुलित आहार के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे किशोरियों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में डॉ. पारुल एवं पुष्पलता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल समापन सभी के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के साथ हुआ।