नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के हरिपुरधार में शिमला से कुपवी आ रही निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि दर्ज़नों लोग घायल हो गए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार निजी बस के खाई में गिरने के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। खाई से 9 शवों को 4 बजे से पहले निकाल लिया गया था, जबकि कई यात्री अभी भी गंभीर रूप से घायल बताए गए थे।
ताजा जानकारी के मुताबिक तीन घायलों ने हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। शवों को हरिपुरधार की पीएचसी में रखा गया है, तीन अन्य शवों को भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया जा रहा है। पीएचसी में शवों का पोस्टमार्टम करने की व्यवस्था करने के प्रयास किये जा रहे है अन्यथा संगड़ाह लाया जा सकता है।
आशंका जताई जा रही है कि हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि बस में 40 से 60 यात्री सवार थे। हादसे में 35 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि भी हुई है।
यह भी जानकारी मिली है कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचाया गया। इसी वजह से अब तक घायलों और मृतकों का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आ पाया है, और आधिकारिक पुष्टि में कुछ समय लग सकता है।
हादसे को लेकर जिला दंडाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा द्वारा मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जा सकते हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों, जिम्मेदारी और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जाएगी। प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति को लेकर अपडेट आने का इंतजार किया जा रहा है।
फ़िलहाल मृतकों की पहचान नहीं हुई है। हादसा उस समय हुआ जब बस हरिपुरधार पहुंचने वाली थी और अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा। बस गहरी खाई में लुढ़क गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। एनएस नेगी ने 9 मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि संगड़ाह, राजगढ़ और ददाहू से अतिरिक्त पुलिस बल व राहत टीमें मौके पर तुरंत भेज दी गई थी। उन्होंने बताया कि कुछ देर में वो घटनास्थल पर पहुंच जाएंगे।
प्रशासन द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। उधर,मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू,उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व रेणुका जी के विधायक विनय कुमार ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है।