करंट न्यूज ब्यूरो
शिमला
प्रदेश चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति व चंबा जिला के पांगी में होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त अनिल कुमार खाची की ओर से अधिसूचना जारी अधिसूचना के तहत लाहुल-स्पीति के उदयपुर व केलांग उपमंडल में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति व जिला परिषद के चुनाव होंगे।
वहीं काजा में जिला परिषद व चंबा के पांगी उपमंडल में ग्राम पंचायत व पंचायत समिति के चुनाव होंगे। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 29 सितंबर को सुबह सात से तीन बजे तक होगा। जबकि दूसरे चरण का मतदान एक अक्तूबर को होगा।
जाने कब क्या होगा
राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 13, 14 और 15 सितंबर को सुबह 11 से 3 बजे तक नामांकन भरे जाएंगे। 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की छंटनी होगी।
18 सितंबर को प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित होंगे। जबकि 13 सितंबर या इससे पहले सभी मतदान केंद्रों की सूची जारी होगी। पहले चरण का मतदान 29 सितंबर को सुबह सात से तीन बजे तक होगा।
जबकि दूसरे चरण का मतदान एक अक्तूबर को होगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद प्रधानों-उपप्रधानों व वार्ड सदस्य का परिणाम जारी किया जाएगा।
जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती ब्लॉक दफ्तरों में चार अक्तूबर को सुबह 8.30 बजे शुरू की जाएगी। वोटों की गिनती के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। छः अक्तूबर तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

