शिमला/कुल्लू, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल के तहत बड़ी नियुक्ति की गई है। प्रदेश अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने कुल्लू से संबंध रखने वाली प्रदेश महासचिव पिंगला भंडारी को कांगड़ा जिला का प्रभारी नियुक्त किया है।
इस संबंध में जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि आपको महिला कांग्रेस, हिमाचल प्रदेश की ओर से कांगड़ा जिला का प्रभारी नियुक्त किया जाता है।
आप कांगड़ा जिले में जाकर महिला कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए कार्य करें।

जारी नियुक्ति पत्र में विश्वास जताया गया है कि आप अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए कांगड़ा जिले में महिला कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
*पिंगला भंडारी ने जताया आभार*
वहीं नियुक्ति के बाद पिंगला भंडारी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार एवं हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर का हृदय से आभार एवं हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा मुझ पर जताए गए इस विश्वास और जिम्मेदारी के लिए मैं शीर्ष नेतृत्व की आभारी हूँ। मैं विश्वास दिलाती हूँ कि पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ संगठन को मजबूत करने तथा महिला कांग्रेस को जिला कांगड़ा में और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के लिए कार्य करूंगी।
उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी हार्दिक धन्यवाद किया।