शिमला | करंट न्यूज़:
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास हुए दर्दनाक लैंडस्लाइड हादसे पर भाजपा विधायक डॉ. जनकराज ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में 7 पुरुष, 4 महिलाएं, 1 शिशु और 1 अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। सभी लोग कुल्लू से पांगी जा रहे थे।
वीडियो संदेश में क्या बोले डॉ. जनकराज
विधायक डॉ. जनकराज ने अपना वीडियो संदेश जारी कर कहा:
“लाहुल-स्पीति के कडू नाला में हुए इस हृदयविदारक हादसे की खबर से मैं बहुत व्यथित हूं। इस हादसे में हमारे 13 भाई-बहनों की असमय मृत्यु हुई है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।”
उन्होंने आगे कहा कि _”प्रशासन और बचाव दल मौके पर त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं। मृतकों के परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने के लिए मैंने सरकार से बात की है। संकट की इस घड़ी में हम सभी पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।”
प्रशासन अलर्ट पर
विधायक ने लोगों से बरसात के मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की।
डीसी लाहुल-स्पीति ने पहले ही मृतकों की सूची जारी कर दी है और राहत कार्यों को तेज कर दिया है।