कुल्लू | करंट न्यूज़:
सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी की समीक्षा बैठक *सूत्रधार भवन सरवरी* स्थित अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने की।
बैठक में हाल ही में सम्पन्न हुए *49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव* की विस्तृत समीक्षा की गई और आगामी स्वर्ण जयंती वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
*सभी सहयोगियों का जताया आभार*
कार्यकारिणी ने वर्षगांठ उत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, कलाकारों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों, अभिभावकों, पाठशालाओं, दानी सज्जनों, कला प्रेमियों, जिला प्रशासन और मीडिया का आभार व्यक्त किया।
संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि जो भी व्यक्ति कला, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में संस्था के साथ जुड़ना चाहता है, वह किसी भी रूप में सहयोग कर सकता है।
*स्वर्ण जयंती पर विशेष लोगो और पांच दिवसीय महोत्सव*
बैठक में जानकारी दी गई कि संस्था अपने *50वें स्वर्ण जयंती वर्ष* में प्रवेश कर चुकी है। इस उपलक्ष पर *स्वर्ण जयंती वर्ष पर आधारित विशेष लोगो* का भव्य अनावरण किया जाएगा। यह लोगो संस्था की 50 वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा और लोक संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक होगा।
लोगो निर्माण के लिए उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक कमेटी गठित की गई है। इसमें महासचिव अतुल गुप्ता, प्रचार-प्रसार सह प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा और कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण आचार्य को शामिल किया गया है।
साथ ही निर्णय लिया गया कि आगामी सूत्रधार स्वर्ण जयंती वर्षगांठ महोत्सव को इस बार पांच दिवसीय स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय पाठशालाओं, सांस्कृतिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया जाएगा।
ताकि युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं और रंगारंग कार्यक्रम होंगे।
*29 जुलाई को होगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव*
स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत पहला कार्यक्रम 29 जुलाई को *“सूत्रधार गुरु पूर्णिमा महोत्सव”* के रूप में देव सदन कुल्लू के सभागार में दोपहर 3 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसमें सूत्रधार संगीत अकादमी के प्रशिक्षुओं द्वारा गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
*कौन रहे उपस्थित*
बैठक में अध्यक्ष दिनेश सेन, उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिंदर ठाकुर, सचिव मंजुलता शर्मा व यशोदा शर्मा, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, प्रचार-प्रसार सहप्रभारी धर्मेंद्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण आचार्य, प्राचार्य संगीत अकादमी पंडित विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य सनी व संजय पुजारी तथा प्रबंधक उत्तम चंद उपस्थित रहे।