शिमला, करंट न्यूज़ : HRTC कर्मचारियों के ‘काम छोड़ो आंदोलन’ के ऐलान पर डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने सख्त रुख अपना लिया है। उन्होंने आंदोलनकारी कर्मचारियों को खुली चेतावनी देते हुए दो-टूक कहा कि सरकार किसी भी सूरत में प्रदेश की जनता को परेशान नहीं होने देगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, “कर्मचारी तुरंत दी हुई कॉल वापिस लें। कानून को हाथ में लेने की कोशिश की तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। सरकार ने HRTC पर एस्मा यानी आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम लागू कर दिया है और इसका सख्ती से पालन करवाया जाएगा।”

डिप्टी CM यहीं नहीं रुके। उन्होंने कर्मचारियों को सीधी धमकी देते हुए कहा, “अगर 24 जून की आधी रात के बाद बसों के पहिए थमे और कर्मचारी काम पर नहीं लौटे तो सरकार नए ड्राइवर और कंडक्टर भर्ती करने से भी पीछे नहीं हटेगी। हिमाचल की लाइफलाइन को किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिया जाएगा।”

गौरतलब है कि मंगलवार को सचिवालय में HRTC ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन की अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन आरडी नजीम के साथ वार्ता विफल रही थी। इसके बाद यूनियन ने 24 जून की मध्यरात्रि से अनिश्चितकालीन ‘काम छोड़ो आंदोलन’ का ऐलान कर दिया था। यह वार्ता पहले खुद उपमुख्यमंत्री के साथ प्रस्तावित थी, लेकिन नहीं हो पाई।

वार्ता फेल होते ही सरकार ने एचआरटीसी पर अगले 6 महीने के लिए एस्मा लागू कर दिया था, जिसके तहत कर्मचारियों के हड़ताल करने, उसमें शामिल होने या उसे बढ़ावा देने पर रोक है।