बैजनाथ, करंट न्यूज़ : ऐतिहासिक शिव नगरी बैजनाथ में इन दिनों गणेश महोत्सव की धूम है। महोत्सव के तहत राधा अष्टमी के पावन अवसर पर छठी भजन संध्या का आयोजन बेहद श्रद्धा और धूमधाम के साथ किया गया, जिसमें समूचा पंडाल गणपति और राधा-कृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

*नन्हे-मुन्नों की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र*
भजन संध्या का सबसे मनमोहक दृश्य तब रहा जब स्थानीय छोटे-छोटे बच्चों ने राधा और कृष्ण का रूप धारण कर मंच पर प्रवेश किया। माखन चोर की लीला और राधा-कृष्ण के प्रेम को दर्शाती भव्य जीवंत झांकियों ने वहां मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

*भजनों पर झूमे भक्त, देर रात तक चला जश्न*
सुरों की महफिल में क्षेत्र के सुप्रसिद्ध भजन गायक दिनेश चंदेल और उदय सूफी ने ऐसा समां बांधा कि भक्त खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। विशेष रूप से *“नचना श्याम दे नाल”* भजन पर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भावविभोर होकर जमकर नाचे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गोकुल ठाकुर का आयोजन समिति ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने गणेश उत्सव और राधा अष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को जीवंत रखते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
देर रात तक चली इस भजन संध्या का समापन आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जहां बैजनाथ और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और राधा-कृष्ण का आशीर्वाद लिया।