Spread the love

पांगी (चंबा), करंट न्यूज़ : हिमाचल के दुर्गम जनजातीय क्षेत्र पांगी के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. सिकंदर कुमार ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चंबा जिले की सीमांत ग्राम पंचायत शौर को गोद ले लिया है।

इस फैसले के साथ ही शौर को विकसित भारत 2047 के तहत देश का आदर्श जनजातीय मॉडल गांव बनाने की नींव रख दी गई है।

शौर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और फूल-मालाओं से सांसद का भव्य स्वागत किया। पंचायत घर में आयोजित जनसभा में सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी ने इस मौके को उत्सव में बदल दिया।

सांसद ने कहा – सड़क से संस्कार तक होगा विकास

जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा, “शौर को गोद लेना मेरे लिए एक जिम्मेदारी है, सिर्फ औपचारिकता नहीं। मेरा लक्ष्य यहां सड़क, भवन, बिजली तक सीमित नहीं, बल्कि समग्र, संतुलित और टिकाऊ विकास करना है।”

उन्होंने घोषणा की कि पंचायत में बुनियादी सुविधाओं का कायाकल्प किया जाएगा।

युवाओं के लिए आधुनिक खेल मैदान और ओपन जिम।
शिक्षा के लिए ई-लाइब्रेरी और कोचिंग सुविधा।
समुदाय के लिए सर्वसुविधायुक्त कम्युनिटी हॉल और श्मशान घाट का सुंदरीकरण।
सुरक्षा और कनेक्टिविटी के लिए गांव में सोलर लाइट्स और आपात स्थिति के लिए हेलीपैड को सुदृढ़ करना।

जैविक पांगी बनेगा किसानों की समृद्धि का आधार

सांसद ने कहा कि पांगी की शुद्ध हवा, पानी और मिट्टी जैविक खेती के लिए वरदान है। यहां के सेब, राजमाह और जड़ी-बूटियों को जैविक ब्रांड बनाकर किसानों की आय दोगुनी करने पर विशेष फोकस रहेगा।

यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें अंतिम पंक्ति में खड़े जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा में लाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नेताओं ने बताया ऐतिहासिक कदम

पांगी-भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि शौर को गोद लेना पूरे पांगी के लिए सौगात है। इससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सीधा सुधार आएगा।

भाजपा प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा ने कहा कि डॉ. सिकंदर कुमार पांगी के सच्चे हितैषी हैं। उन्होंने इससे पहले भी संसद में पांगी-टनल, चंबा-पांगी सड़क और बिजली परियोजनाओं के मुद्दे को मजबूती से उठाया है।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी ने कहा कि यह पहल जनजातीय गौरव को सम्मान देने वाली है।

अंत में ग्राम पंचायत प्रधान दयाराम शर्मा ने सांसद और सभी मेहमानों का आभार जताते हुए कहा कि आज शौर पंचायत ने नई उम्मीद और नए भविष्य की ओर पहला कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!