केलंग, करंट न्यूज़ : देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और हिमाचली संस्कृति के रंगों से सराबोर जिला मुख्यालय केलांग में आज *80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह* पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता *कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर* ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देश की आन-बान-शान को नमन किया और भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली।

*मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां*
विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों, पुलिस एवं अन्य टुकड़ियों ने अनुशासित एवं शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। इसके उपरांत स्थानीय विद्यालयों एवं सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने *देशभक्ति, हिमाचली लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं* पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यातिथि *सुंदर सिंह ठाकुर* ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रत्येक सांस्कृतिक दल को *11 हजार रुपये* देने की घोषणा की, ताकि विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
*जनजातीय विकास मॉडल पर जोर*
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक *सुंदर सिंह ठाकुर* ने कहा कि *मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू* के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का जनजातीय विकास मॉडल केवल योजनाओं, घोषणाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हिमालय की ऊंची चोटियों और दुर्गम घाटियों में रहने वाले हजारों परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी है।

उन्होंने कहा कि *लाहौल-स्पीति* जैसे जनजातीय क्षेत्रों में लंबी सर्दियां, भारी बर्फबारी, कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और सीमित संपर्क सुविधाएं विकास के सामने हमेशा बड़ी चुनौती रही हैं। इन परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्र और समाज का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
*अटल टनल और कनेक्टिविटी का ऐतिहासिक उल्लेख*
लाहौल-स्पीति के विकास में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लाहौल को वर्षभर देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने के लिए *रोहतांग के नीचे सुरंग* बनाने की परिकल्पना पूर्व प्रधानमंत्री *इंदिरा गांधी* के समय से चली आ रही थी।

*28 जून, 2010 को रोहतांग टनल का शिलान्यास* किया गया। आज यह सुरंग लाहौल के लिए महज एक परिवहन मार्ग नहीं, बल्कि क्षेत्र की *जीवनरेखा* बन चुकी है। इसके निर्माण से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। इसी प्रकार, लाहौल को लद्दाख से जोड़ने की दिशा में भी कांग्रेस सरकारों के समय महत्वपूर्ण पहल हुई थी।
*स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में बड़े कार्य*
विधायक ने जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी दी:
*स्वास्थ्य*: स्पीति उपमंडल में 3 आयुष स्वास्थ्य केंद्रों सहित 5 PHC और 10 उप स्वास्थ्य केंद्रों को *आयुष्मान आरोग्य मंदिर* में उन्नत किया गया। लोसर और संगनम PHC को 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली। 2026 में हिक्किम, माने, लोसर और किब्बर में नए चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति।

*सड़क एवं पुल*: चिनाव घाटी मंडल के लिए 14 करोड़ 97 लाख 38 हजार रुपये का बजट। 5 पुलों के लिए 36 करोड़ 41 लाख 78 हजार रुपये स्वीकृत। *वारिंग-तिवोक ओथांग सड़क* के लिए 10 करोड़ 23 लाख 98 हजार और *सिस्सू में चंद्रा नदी पर 110 मीटर पुल* के लिए 9 करोड़ 71 लाख 65 हजार रुपये स्वीकृत।
*अन्य निर्माण*: त्रिलोकीनाथ में 1 करोड़ 84 लाख की लागत से सराय भवन और उदयपुर में 3 करोड़ 68 लाख की लागत से *मॉडल करियर सेंटर* पूर्ण।

*महिला सशक्तिकरण और जल शक्ति की योजनाएं*
*इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना* के तहत लाहौल-स्पीति में *1171 लाभार्थियों* को लाभ।
जल शक्ति मंडल केलांग के तहत 66 लाख रुपये की योजनाओं पर कार्य।
*6 करोड़ 6 लाख* की लागत से शीतकालीन पेयजल योजना गोंधला पूर्ण।
*26 करोड़ 75 लाख* की लागत से केलांग मल निकासी योजना का कार्य शुरू, लक्ष्य अक्तूबर 2026। नाबार्ड के तहत *डोकसा नाला सिंचाई योजना* से 60 किसानों को लाभ, 35% कार्य पूर्ण।

*“विकास में लाहौल-स्पीति को अग्रणी बनाएं” – लें संकल्प*
अपने संबोधन में सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा, आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सब मिलकर संकल्प लें कि लाहौल-स्पीति को विकास, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देश के अग्रणी जनजातीय जिलों में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में *लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा* विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर इंदिरा ठाकुर, पूर्व विधायक रघुवीर ठाकुर, उपायुक्त किरण भड़ाना, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, एसडीएम कुनिका एकर्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।