कुल्लू, करंट न्यूज़ : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जी.बी. पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय केंद्र, मौहल-कुल्लू द्वारा बीते दिन एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएवी स्कूल मौहल के प्रतिभागियों के पंजीकरण के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया तथा स्वच्छता एवं मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
संस्थान के प्रमुख एवं वैज्ञानिक-एफ इंजीनियर राकेश कुमार सिंह ने स्वागत संबोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने संस्थान की विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में सामिया, ऋचा, विराज, एवं वरिष्ठ वर्ग में अश्वि, योगेश, शिवांगी विजेता रहे। चित्रकला प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में अंबिका, वैशवी, लक्पा शेरपा एवं वरिष्ठ वर्ग हर्षिता, तानिया, कार्तिक विजेता रहे।

प्रतिभागियों ने जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे विषयों पर अपने विचार एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा किया गया। दोपहर बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में वैज्ञानिक-ई डॉ. वसुधा अग्निहोत्री ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। ऐसे कार्यक्रम समाज में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने और युवा पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।