मंडी, करंट न्यूज़ : हिमाचल प्रदेश में मंडी जिला के कमांद स्थित आईआईटी के प्रशिक्षु छात्र की खड्ड में नहाते समय डूबने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रशिक्षण छात्र अपने दोस्तों के साथ आईआईटी परिसर से लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित रियागड़ी खड्ड में नहाने गया हुआ था। जहां पर पानी की गहराई का अंदाजा न लगने से उसकी डूबने से मौत हो गई। प्रशिक्षु छात्र को तैरना नहीं आता था।

मृतक छात्र की पहचान 21 वर्षीय विपिन कुमार निवासी वार्ड नंबर 1 ओल्ड सिटी लोहारू भिवानी हरियाणा के तौर पर हुई है। वह आईआईटी में डाटा साइंस में बीटेक कर रहा था।
बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने उसे खड्ड से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच में जुट गई है।

वहीं, इस संबंध में आईआईटी के रजिस्ट्रार डॉक्टर केएस पांडे ने बताया कि मामले की संस्थान द्वारा जांच करवाई जाएगी। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।