Spread the love

कुल्लू, प्रिया शर्मा।

मंगलवार को कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि व्यास नदी में ड्रेजिंग (नदी की सफाई और गाद निकालने) की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्रालय द्वारा इस परियोजना के पहले चरण को मंजूरी दे दी गई है। वहीं दूसरे चरण को लेकर आज शिमला में अहम बैठक आयोजित की गई है। विधायक का कहना है कि यदि यह प्रक्रिया पूरी होती है तो हिमाचल प्रदेश में पहली बार ड्रेजिंग नीति लागू होगी, जिससे नदियों के किनारे बसे क्षेत्रों को राहत मिल सकेगी।

ईको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

जयराम ठाकुर पर कसा तंज

इस दौरान सुंदर ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के दबाव के चलते ही कई काम अब आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है, जबकि जनता के हित में काम होना चाहिए।

बिजली महादेव रोपवे का विरोध करने वालों पर साधा निशाना

विधायक ने बिजली महादेव मंदिर रोपवे परियोजना का विरोध करने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले इस परियोजना का विरोध कर रहे थे, वही अब अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। उनके अनुसार कुछ लोग राजनीतिक मंशा के चलते विकास कार्यों का विरोध कर रहे हैं।

तीसरे मोर्चे पर भी दी प्रतिक्रिया

प्रदेश में तीसरे मोर्चे की चर्चाओं को लेकर उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई राजनीतिक प्रयास होता है तो उसका नुकसान मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी को ही होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में हुई कुछ बैठकों में शामिल अधिकतर नेता बीजेपी से ही जुड़े रहे हैं।
विधायक सुंदर ठाकुर ने कहा कि उनका उद्देश्य कुल्लू क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान करना है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कुल्लू में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!